home page

तेजपुर में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, राज्यपाल ने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना अपनाने का आह्वान किया

 | 
तेजपुर में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, राज्यपाल ने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना अपनाने का आह्वान किया


गुवाहाटी, 12 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शनिवार को तेजपुर विश्वविद्यालय के केबीआर सभागार में एनसीसी निदेशालय, पूर्वोत्तर क्षेत्र द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं एनसीसी पूर्व छात्र मिलन समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए देश की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र के प्रति प्रेम जिम्मेदार नागरिकता, संविधान के सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा के रूप में प्रदर्शित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल देश की सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि साइबर सुरक्षा, आर्थिक एवं ऊर्जा सुरक्षा, आपदा से निपटने की तैयारी, सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा भी इसकी महत्वपूर्ण कड़ियां हैं।

एनसीसी को चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताते हुए आचार्य ने कहा कि एनसीसी कैडेटों में विकसित अनुशासन, नेतृत्व, साहस और सेवा की भावना युवाओं को राष्ट्र की प्रगति एवं सुरक्षा में सार्थक योगदान के लिए प्रेरित कर सकती है। उन्होंने एनसीसी के पूर्व छात्रों से युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करने और सामुदायिक सेवा तथा जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय रहने का आग्रह किया।

डिजिटल युग में बदलती सुरक्षा चुनौतियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने युवाओं में तकनीकी जागरूकता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए सीमा गांवों को भारत की संप्रभुता, संस्कृति और राष्ट्रीय भावना के जीवंत प्रहरी बताया।

उन्होंने वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए सीमा समुदायों को मजबूत बनाने में युवाओं की अधिक भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही, तेजपुर विश्वविद्यालय जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, ड्रोन तकनीक, संचार, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन जैसे उभरते क्षेत्रों में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने ‘गवर्नर असम राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोत्साहन योजना’ का भी उल्लेख किया और एनसीसी, विश्वविद्यालयों, पूर्व छात्रों तथा नागरिक समाज से इसे राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता के व्यापक अभियान में बदलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गजराज कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला, एनसीसी निदेशालय पूर्वोत्तर क्षेत्र के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल अनुराग विज, तेजपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमरेंद्र कुमार दास, रवीन्द्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मानवेंद्र दत्ता चौधरी, राज्यपाल के आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम सहित वरिष्ठ रक्षा एवं एनसीसी अधिकारी, शिक्षक, एनसीसी पूर्व छात्र, कैडेट और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश