केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की राज्यपाल से मुलाकात
इटानगर, 01 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इटानगर के लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक से मुलाकात की।
उन्होंने हाल ही में आई बाढ़ से हुए नुकसान के साथ-साथ सिंचाई, कनेक्टिविटी और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, जैविक खेती और अधिक मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने तथा कौशल विकास, कृषि-तकनीक और बाजार से जुड़ाव जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
राज्यपाल ने केंद्रीय मंत्री को अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में हाल ही में आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राहत, पुनर्वास और जरूरी बुनियादी ढांचे व आजीविका की बहाली के लिए केंद्र सरकार से लगातार सहयोग की मांग की।
राज्यपाल ने अरुणाचल प्रदेश की कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाओं का जिक्र किया और इस बात पर जोर दिया कि केंद्र सरकार के खास सहयोग से राज्य टिकाऊ और अधिक मूल्य वाली कृषि का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है।
जैविक खेती में अरुणाचल प्रदेश को मिले प्राकृतिक लाभ को रेखांकित करते हुए, उन्होंने प्रमाणित जैविक क्लस्टर के लिए सहयोग, प्राकृतिक खेती के लिए सब्सिडी, अधिक मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर 'ऑर्गेनिक अरुणाचल' उत्पादों की ब्रांडिंग करने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने किसानों को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए आधुनिक तकनीक, कौशल विकास, कृषि-स्टार्टअप और बाजार से बेहतर जुड़ाव के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण और कृषि-आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन कम होगा।
केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को अरुणाचल प्रदेश के विकास और कृषि क्षेत्र की प्रगति के लिए पूरा सहयोग और सहायता देने का भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

