home page

बजाली में 51वें पाठशाला रास महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल

 | 
बजाली में 51वें पाठशाला रास महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल


गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य मंगलवार को बजाली के भगवती क्षेत्र में आयोजित 51वें पाठशाला रास महोत्सव में शामिल हुए और इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने महोत्सव की परंपरा को 51 वर्षों से बनाए रखने के लिए आयोजकों और पाठशाला के लोगों की सराहना की। उन्होंने पाठशाला को शिक्षा, साहित्य, कला और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए असम के सांस्कृतिक परिदृश्य में इसकी विशिष्ट पहचान का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और श्रीश्री माधवदेव के नववैष्णव आंदोलन से जुड़ी असम की रास परंपरा भक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक सद्भाव की जीवंत अभिव्यक्ति है।

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए आचार्य ने कहा कि रासलीला निःस्वार्थ प्रेम, भक्ति और समर्पण का संदेश देती है, जबकि भगवद्गीता मानवता को धर्म, करुणा और निःस्वार्थ कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति व्यक्ति के आचरण और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता में दिखाई देनी चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि पाठशाला रास महोत्सव विरासत के साथ विकास की अवधारणा को साकार करता है। यह असम की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने युवाओं से सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक ज्ञान, विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी अपनाने तथा पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि महोत्सव प्रेम, भक्ति और सार्वभौमिक कल्याण का संदेश आगे भी प्रसारित करता रहेगा।

कार्यक्रम में असम विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, सांसद फणीभूषण चौधरी, विधायक धर्मेश्वर राय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश