home page

हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी का राज्यपाल ने किया आह्वान

 | 
हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी का राज्यपाल ने किया आह्वान


गुवाहाटी, 13 अगस्त (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने घरों, संस्थानों तथा प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया।

गुवाहाटी में आयोजित एक जनसभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, सम्मान, एकता और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा और हर मन तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने हालिया असम बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत कार्यों में सहयोग के लिए केंद्र व राज्य सरकारों, संगठनों तथा देशभर के लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हर घर और हर दिल में ऊंचा उठना चाहिए तथा इसके मूल्यों से नागरिकों में साहस, एकता, अनुशासन और कर्तव्य भावना मजबूत होनी चाहिए।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश