राज्यपाल आचार्य ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लोक भवन में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
गुवाहाटी, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शनिवार को लोक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर लोक भवन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सीआरपीएफ के जवानों ने समारोह में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य ने असम की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित हों। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की भावना का सच्चा सम्मान सामूहिक प्रयास और जिम्मेदार नागरिकता के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने सभी से मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
राज्यपाल ने देश की स्वतंत्रता के लिए असाधारण बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति उन अनगिनत देशभक्तों की नींव पर टिकी है, जिन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका साहस, समर्पण और आदर्श आज भी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सेना के नायब सूबेदार दिलीप दुवरा (सेवानिवृत्त), वायुसेना के जूनियर वारंट ऑफिसर दिलीप चंद्र कलिता (सेवानिवृत्त), असम रेजिमेंट के सूबेदार पुष्पा लाल भट्टराई (सेवानिवृत्त), सेना के नायक अनुपम दास (सेवानिवृत्त) और सेना के हवलदार मुक्ता राय (सेवानिवृत्त) शामिल रहे।
राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों की राष्ट्र के प्रति सेवा और सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों में उनकी भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका जीवन अनुशासन, सेवा और निस्वार्थ भावना का उदाहरण है और वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते रहने का आग्रह किया।
समारोह के दौरान आर्मी पब्लिक स्कूल, नारेंगी के विद्यार्थियों ने ‘युवा शक्ति- पावर ऑफ यूथ’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

