home page

वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: अश्विनी राय सरकार

 | 
वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: अश्विनी राय सरकार


गुवाहाटी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। असम के सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण मंत्री अश्विनी राय सरकार ने गुरुवार को कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के ज्ञान, अनुभव, मूल्यों और जीवन-दृष्टि के अमूल्य भंडार हैं। उनकी गरिमा, अधिकार, सुरक्षा तथा समाज में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।

मंत्री श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र स्थित श्रीश्री दामोदरदेव अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण विभाग तथा वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, असम की पहल पर असम वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन के सहयोग से आयोजित अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने परिवार, समाज और राज्य के विकास में जीवनभर महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रति सम्मान, सहानुभूति और जिम्मेदार व्यवहार एक अधिक मानवीय एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सरकार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक को भी इस जिम्मेदारी में समान रूप से योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी से वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और जीवन मूल्यों से सीख लेकर समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि असम सरकार वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मविश्वासपूर्ण जीवन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी जरूरतों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा और समाज में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराकर अधिक स्वस्थ, सुरक्षित और गरिमापूर्ण समाज के निर्माण के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश