अरुणाचल मोपिन उत्सव की गोल्डन जुबली समारोह में शामिल हुए उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी
-मोपिन उत्सव सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि प्रकृति, आस्था संस्कृति और सामूहिक एकता का जीवंत प्रतीकः गणेश जोशी
इटानगर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में आयोजित मोपिन उत्सव के गोल्डन जुबली समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को मोपिन उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
इस दौरान जोशी ने स्थानीय जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होकर त्योहार का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। उन्होंने कहा कि मोपिन उत्सव प्रकृति, कृषि और समृद्धि का प्रतीक है, जो भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं को दर्शाता है। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों में भाग लेते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करते हैं तथा विभिन्न राज्यों के बीच आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे तीज त्यौहार ही हमें एक सूत्र में बांधने का काम करता है। उन्होंने कहा कि मोपिन उत्सव केवल एक त्योहार नहीं बल्कि प्रकृति, आस्था संस्कृति और सामूहिक एकता का जीवंत प्रतीक है, जो जीवन में खुशहाली और सकारात्मकता का संदेश देता है।
ज्ञात हो कि मोपिन उत्सव अरुणाचल प्रदेश की गालो जनजाति का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और पारंपरिक त्योहार है, जिसे हर वर्ष बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह मुख्य रूप से कृषि से जुड़ा पर्व है, जिसका उद्देश्य अच्छी फसल, समृद्धि, सुख-शांति और बुरी शक्तियों से रक्षा की कामना करना होता है। इस त्योहार के दौरान लोग “मोपिन आनी” (देवी) की पूजा-अर्चना करते हैं और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। मोपिन उत्सव का एक विशेष आकर्षण “पोपिर” नृत्य है, जिसमें महिलाएं सफेद पारंपरिक वेशभूषा पहनकर समूह में नृत्य करती हैं। इसके साथ ही, लोग एक-दूसरे के चेहरे पर चावल का पेस्ट लगाते हैं, जिसे पवित्रता, शुभता और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।
इस अवसर पर अरुणाचल सरकार के पूर्व कैबिनेट तुमके बागरा, अरुणाचल प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष गुमसेन लोलेन, प्रदेश महासचिव कागे दाबी, प्रदेश उपाध्यक्ष तारह सीता, प्रदेश उपाध्यक्ष जोमगे चिन्यो सहित कई स्थानीय लोग जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

