home page

रंगिया में पिस्तौल दिखाकर महिला से छीनी सोने की चेन

 | 
रंगिया में पिस्तौल दिखाकर महिला से छीनी सोने की चेन


कामरूप (असम), 25 जून (हि.स.)। असम के रंगिया नगर में एक बार फिर चेन स्नैचरों का आतंक देखने को मिला है। गुरुवार सुबह ब्रिक फील्ड कॉलोनी क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकली एक महिला से दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उसकी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पखिला कलिता नामक महिला प्रतिदिन की तरह प्रातः भ्रमण के लिए निकली थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने कथित रूप से पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश