चुनाव 26: भाजपा नेतृत्व पर गौरव गोगोई का हमला, ईंधन संकट और टिकट वितरण पर उठाए सवाल
जोरहाट (असम), 27 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला करते हुए आंतरिक अविश्वास का आरोप लगाया और ईंधन संकट जैसे जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
एक सभा को संबोधित करते हुए बीती रात गोगोई ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से सतर्क रहने की सलाह दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता को पहले से ही ऐसे राजनीतिक विश्वासघात की आशंका थी।
गोगोई ने भाजपा के “डबल इंजन सरकार” के दावे की भी आलोचना करते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावों के बावजूद राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी के कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
कांग्रेस की उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी ने 13 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिससे नए चेहरों को मौका मिला है। इसके विपरीत, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अधिकतर टिकट पूर्व कांग्रेस नेताओं को दिए हैं, जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।
उन्होंने टियोक क्षेत्र के मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवार पल्लवी गोगोई के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि उनका इस क्षेत्र के लोगों के साथ पुराना संबंध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि टियोक और पूरे जोरहाट क्षेत्र की जनता कांग्रेस-नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

