ड्रग्स सिंडिकेट के पैसे से भाजपा चला रही है अपना संगठन: गौरव गोगोई
- ऊपरी असम में सिंडिकेट के नियंत्रण को लेकर पार्टी में अंदरूनी संघर्ष का आरोप
गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई ने भाजपा पर ड्रग्स सिंडिकेट से कथित तौर पर जुटाए गए धन से पार्टी संगठन चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऊपरी असम में विभिन्न सिंडिकेटों पर नियंत्रण को लेकर भाजपा के भीतर तीव्र संघर्ष चल रहा है।
शनिवार को गुवाहाटी के मानवेंद्र शर्मा कॉम्प्लेक्स में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गोगोई ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा भले ही ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा करते हों, लेकिन राज्य सरकार इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल चुनावी लाभ और प्रचार के लिए पुलिस के माध्यम से कुछ गिरफ्तारियां करवा रही है, जबकि राज्य में ड्रग्स की तस्करी और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने काफी पहले पंजाब सहित पूरे देश में ड्रग्स की गंभीर समस्या को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन उस समय भाजपा ने समस्या पर ध्यान देने के बजाय उनकी आलोचना की थी।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि का उल्लेख करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जिस पार्टी पर राम मंदिर के दान की राशि के दुरुपयोग के आरोप लग सकते हैं, उसके लिए ड्रग्स के पैसे से संगठन चलाना कोई बड़ी बात नहीं है।
मणिपुर की एक घटना का हवाला देते हुए गोगोई ने दावा किया कि वहां एक पुलिस अधिकारी ने स्वीकार किया था कि ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन आने पर उन्हें आरोपितों को छोड़ना पड़ा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त पुलिस अधिकारी ने भाजपा के कई नेताओं के ड्रग्स कारोबार से सीधे संबंध होने की बात कही थी।
गोगोई ने कहा कि राज्य के युवा और अभिभावक ड्रग्स की बढ़ती समस्या को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने घोषणा की कि नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) नशामुक्त असम के लक्ष्य के साथ राज्यभर में युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की आलोचना करने के बजाय उनकी समस्याओं और चिंताओं को सुनना जरूरी है तथा कांग्रेस इस अभियान को पूरा सहयोग देगी।
ऊपरी असम में ड्रग्स और अन्य सिंडिकेटों के संचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर गोगोई ने आरोप लगाया कि सिंडिकेटों के नियंत्रण को लेकर भाजपा के अंदर ही गंभीर मतभेद हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री और उनके कुछ मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के बीच इस बात को लेकर शीतयुद्ध चल रहा है कि किस गुट को सिंडिकेट चलाने का नियंत्रण मिलेगा।
पुलिस हिरासत में नशे के आदी लोगों को ड्रग्स उपलब्ध कराने की स्थिति पर उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए विशेषज्ञों, चिकित्सकों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श कर पुनर्वास की व्यावहारिक रूपरेखा तैयार करना जरूरी है।
काजीरंगा के रंगाजान में हुए सड़क हादसे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गोगोई ने कोहरा में स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने को स्वास्थ्य विभाग की गंभीर विफलता बताया। उन्होंने कहा कि वहां बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होतीं तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं से ध्यान हटाने के लिए मुख्यमंत्री इस मामले की जिम्मेदारी परिवहन विभाग पर डाल रहे हैं।
एनएसयूआई के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान के संबंध में पूछे गए सवाल पर गोगोई ने कहा कि उन्हें भाजपा की तरह व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता देने के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री की बयानबाजी और हिंदू-मुस्लिम राजनीति से लोग परेशान हैं।
राजस्थान के हालिया चुनाव और असम में कथित चुनावी अनियमितताओं के बावजूद कांग्रेस की चुनावी भागीदारी पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी परिस्थिति में चुनावी मैदान से पीछे नहीं हटेगी। राजस्थान में जिला परिषद के एक उम्मीदवार के कथित अपहरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस घटना पर देशव्यापी चर्चा के बाद प्रशासन को संयम बरतने के लिए मजबूर होना पड़ा।
गोगोई ने कहा कि यदि कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ेगी तो क्या भाजपा कथित वोट चोरी, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के इस्तेमाल और सिंडिकेट संचालन को बंद कर देगी? उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी मुकाबले में बने रहकर ही सरकार की कथित अनियमितताओं को उजागर किया जा सकता है और जनता को जागरूक किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिसीमन के नाम पर कथित साजिश और सरकारी अनियमितताओं के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी। ब्रिटिश शासन के खिलाफ कांग्रेस के ऐतिहासिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने टिप्पणी की कि वर्तमान भाजपा में शामिल कई नेता पहले कांग्रेस के ही सहयोगी थे और इसलिए कांग्रेस उनके अंदरूनी मामलों से अच्छी तरह परिचित है।
संवाददाता सम्मेलन में असम विधानसभा में विपक्ष के नेता वाजेद अली चौधरी और प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष दीप बायन भी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

