ग्वालपाड़ा में जंगली हाथी का उत्पात, घर को किया क्षतिग्रस्त, 70-80 हाथियों के झुंड से दहशत
ग्वालपाड़ा, 05 नवंबर (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले के पश्चिम माटिया इलाके में एक विशालकाय जंगली हाथी ने एक आवासीय घर को तोड़ दिया। हाथी की इस घटना को कैमरे में कैद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम मटिया इलाके में इन दिनों करीब 70 से 80 जंगली हाथियों का एक बड़ा झुंड डेरा डाले हुए है। हाथियों के झुंड की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जंगली हाथियों के लगातार उत्पात से स्थानीय लोग दिन-रात भय के साये में जीने को मजबूर हैं। हाथियों के झुंड के रिहायशी इलाकों में पहुंचने से लोगों की जान-माल और संपत्ति को खतरा बना हुआ है।
घर को हाथी द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने हाथियों के लगातार विचरण से सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
उल्लेखनीय है कि जब भी खेत में धान की फसल पक जाती है तो उसकी सुगंध हाथियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। वहीं हाथियों में सूंघने की शक्ति काफी अधिक है। यही कारण है कि वर्तमान समय में हाथियों की मौजूदगी रिहायशी इलाकों में देखने को मिल रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

