जीएमसीएच में बड़ी लापरवाही, एक मरीज को दूसरे मरीज का इंजेक्शन लगाया गया
गुवाहाटी, 04 जुलाई, (हि.स.)। राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नर्स ने एक मरीज को दूसरे मरीज के लिए निर्धारित इंजेक्शन लगा दिया, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद मरीज के परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मामले पर जीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. देवजीत चौधरी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चिकित्सा प्रक्रियाओं की निगरानी को और अधिक सख्त बनाने की आवश्यकता को दर्शाती है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

