home page

वैश्विक स्तर पर बढ़ा राज्य पर भरोसा : मुख्यमंत्री सरमा

 | 
वैश्विक स्तर पर बढ़ा राज्य पर भरोसा : मुख्यमंत्री सरमा


गुवाहाटी, 22 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि असम के सकारात्मक परिवर्तन की कहानी को अब विश्व स्तर पर स्वीकार किया जाने लगा है। जापान और ऑस्ट्रेलिया के बाद अब यूरोपीय संघ (ईयू) ने भी असम पर लागू यात्रा परामर्श (ट्रैवल एडवाइजरी) हटा लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक कूटनीतिक निर्णय नहीं है, बल्कि असम में स्थापित शांति, विकास और स्थिर वातावरण के प्रति अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि राज्य में हुए ठोस और परिवर्तनकारी प्रयासों के कारण वैश्विक साझेदार अब असम को नए नजरिए से देख रहे हैं।

डॉ. सरमा ने आशा व्यक्त की कि इस निर्णय से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय उद्योगों, होमस्टे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और निवेश के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि असम अब वैश्विक अवसरों और साझेदारियों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अंतरराष्ट्रीय समुदाय अपने नागरिकों को असम की यात्रा से बचने की सलाह देता था, लेकिन आज राज्य में हुए व्यापक बदलावों के कारण कई देश और वैश्विक साझेदार ऐसी सलाहों को वापस लेते हुए असम की संभावनाओं को स्वीकार कर रहे हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश