13वीं ग्रेटर कामेंग बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 आरंभ
इटानगर, 30 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा में आज 13वीं ग्रेटर कामेंग बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 शुरू हुई, इसका उद्घाटन विधायक कुमार वाई ने किया। इस मौके पर विधायक जिक्के टाको, विधायक हायेंग मांगफी और ईलिंग टैलंग के साथ-साथ ग्रेटर कामेंग क्षेत्र के खिलाड़ी, अधिकारी और बैडमिंटन प्रेमी मौजूद थे।
चैंपियनशिप का आयोजन ग्रेटर कामेंग बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है।
विधायक कुमार वाई मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुमार वाई ने कहा कि वह ग्रेटर कामेंग बैडमिंटन प्लेटफॉर्म के संस्थापकों में से एक हैं और उन्होंने याद किया कि उन्होंने एक ओपन चैंपियनशिप भी जीती थी।
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए वाई ने कहा कि भले ही कोई मैदान पर हार जाए, लेकिन उसे कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
उन्होंने कहा, जीत और हार खेल का हिस्सा है। अहम बात यह है कि हम दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ खेलना जारी रखें।
वाई ने कहा कि ग्रेटर कामेंग प्लेटफॉर्म का गठन क्षेत्र के लोगों को एक साथ लाने और एकता, दोस्ती और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने सभी से एकजुट रहने, आपसी समझ बनाए रखने और आपस में विवादों से बचने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप का मकसद बैडमिंटन को बढ़ावा देना, स्वस्थ जीवन शैली को प्रोत्साहित करना और ग्रेटर कामेंग क्षेत्र के लोगों के बीच खेल संबंधों और एकता को मजबूत करना है।
जिक्के टाको ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि जीत और हार हर खेल का हिस्सा है। उन्होंने खिलाड़ियों को सच्ची खेल भावना के साथ भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
टाको ने ग्रेटर कामेंग क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और विपक्ष के नेता सहित राज्य के कई प्रमुख नेता इसी क्षेत्र से आते है।
उन्होंने कहा कि ग्रेटर कामेंग ने ऐसे नेता दिए हैं जो अरुणाचल प्रदेश के नेतृत्व और विकास में योगदान दे रहे हैं।
शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवन शैली के लिए खेल के महत्व पर जोर देते हुए टाको ने कहा कि बैडमिंटन बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक, सभी उम्र के लोगों के लिए सबसे अच्छे खेलों में से एक है।
ग्रेटर कामेंग बैडमिंटन एसोसिएशनके अध्यक्ष इंजीनियर अजू खोंजुजू ने कहा कि चैंपियनशिप बोमडिला में शुरू हुई थी और अब यह अपने 13वें संस्करण तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ग्रेटर कामेंग क्षेत्र के लोगों के बीच भाईचारे, एकता और दोस्ती को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है। इस चैंपियनशिप में कामेंग क्षेत्र से लगभग 9 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

