मुख्यमंत्री ने 'स्वच्छ भारत दिवस' समारोह में लिया हिस्सा
इटानगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आज इटानगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा आयोजित 'स्वच्छता ही सेवा-2026' के तहत स्टेट बैंक्वेट हॉल में 'स्वच्छ भारत दिवस' समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसमें उनके आदर्शों और देश के लिए उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया।
मुख्यमंत्री ने गांधी जयंती के अवसर पर नागरिकों से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के लिए आधिकारिक तौर पर 'स्वच्छता वाहन' लॉन्च किया और हॉल में मौजूद छात्रों और स्वयंसेवकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
पेमा खांडू ने लोगों से स्वच्छता की शपथ को गंभीरता से लेने और साल में 100 घंटे स्वच्छता के लिए समर्पित करने का आग्रह किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने जनता से गांधीजी के शांति और अहिंसा के रास्ते पर चलने का आग्रह किया। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने और स्थानीय समुदायों को साफ-सुथरा और स्वस्थ रखने में जनता की भागीदारी की अहम भूमिका पर जोर दिया।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिव ने कहा कि जब हम गांधी जयंती मना रहे हैं, तो हमें सार्वजनिक स्वच्छता पर ध्यान देना चाहिए और आज से ही अपने आस-पास के माहौल को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्य सचिव ने नया ऐप लॉन्च करने के लिए इटानगर नगर पालिका की सराहना भी की।
सभा का स्वागत करते हुए इटानगर नगर निगम कमिश्नर केगो जिलेन ने समारोह के बारे में जानकारी दी और राजधानी के निवासियों से इटानगर को साफ और हरा-भरा बनाए रखने का आग्रह किया। कमिश्नर ने कहा, मैंने मुख्यमंत्री से आईएमसी की जरूरतों को पूरा करने के लिए आईएम का बजट बढ़ाने का अनुरोध किया है।
कार्यक्रम में विधायक टेची काचो, मेयर लिखा नेरी, उपायुक्त टोको बाबू और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत, मुख्यमंत्री ने भाग लेने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के साथ मिलकर ईटापोर्ट में पौधे लगाए।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

