असम में ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के नियमन पर जीबीएसआईपीआरडी की कार्यशाला
गुवाहाटी, 26 अगस्त (हि.स.)। गोलाप बोरबोरा स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ पंचायत एंड रूरल डेवलपमेंट (जीबीएसआईपीआरडी) ने असम के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के नियमन को लेकर दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा ने कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए तेजी से हो रहे शहरीकरण और बदलते भूमि उपयोग के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों के योजनाबद्ध एवं वैज्ञानिक विकास पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षित, टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल ग्रामीण विकास के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और अन्य लोक निर्माण विभाग की सड़कों के किनारे निर्माण को लेकर प्रस्तावित नियामक ढांचे पर चर्चा हुई। इसमें सड़क सुरक्षा, भविष्य में सड़क चौड़ीकरण, जल निकासी, पैदल यात्री सुविधा और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर विचार किया गया।
कार्यशाला में वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर, योजनाकार, कानूनी विशेषज्ञ और विभिन्न विभागों एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। समापन सत्र में प्रमुख सुझावों और सिफारिशों को प्रस्तावित ढांचे में आगे शामिल करने के लिए दर्ज किया गया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

