पीड़ित परिवार से मिले गौरव गोगोई, घनकांत के साथ अन्य लोगों की संलिप्तता का जताया संदेह
गुवाहाटी, 04 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को बरपेटा स्थित भराली परिवार के आवास पर पहुंचकर होटल विलास इन गोलीकांड में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान गौरव गोगोई ने कहा कि इस वारदात में मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई अकेले शामिल नहीं था। उन्होंने घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच पर सवाल उठाए।
दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता देबब्रत सैकिया ने कहा कि कांग्रेस कभी भी न्यायिक प्रक्रिया से बाहर की गई हत्या का समर्थन नहीं करती है।
उन्होंने कहा कि घनकांत गोगोई की हत्या के बाद कई सवाल अनुत्तरित रह गए हैं। सैकिया ने कहा कि उसकी मौत के बाद कई महत्वपूर्ण बातें सामने नहीं आ सकीं।
उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी के होटल विलास इन में हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले के मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई की बाद में शिवसागर जिले में पुलिस की गोलीबारी में मौत हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

