लाचित दिवस पर गौरव गोगोई ने अर्पित किया पुष्प, असम के गौरव की रक्षा का लिया संकल्प
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई ने लाचित दिवस के अवसर पर जालुकबाड़ी स्थित महावीर लाचित बरफूकन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।
गोगोई ने कहा कि लाचित बरफूकन राष्ट्र के स्वाभिमान, वीरता और देशभक्ति के अप्रतिम प्रतीक हैं। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति प्रेम से आज भी असम के लोग प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने असम के गौरव, एकता और अस्तित्व की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एआईसीसी सचिव अब्दुल खालेक तथा एपीसीसी मीडिया एवं संचार विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा सहित पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने लाचित बरफूकन के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। बेदब्रत बोरा ने कहा कि सराइघाट की लड़ाई असम की संप्रभुता और भूभाग की रक्षा के लिए लड़ी गई थी, न कि किसी सांप्रदायिक संघर्ष के रूप में।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

