home page

कांग्रेस सरकार आने पर हिमंत को जेल भेजेंगेः गौरव गोगोई

 | 
कांग्रेस सरकार आने पर हिमंत को जेल भेजेंगेः गौरव गोगोई


नगांव (असम), 06 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोमवार को नगांव जिले के रहा में आयोजित एक चुनावी सभा में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य की जनता को भूमि का पट्टा देने में विफल रहने वाले मुख्यमंत्री ने विदेशों में संपत्ति बनाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हिमंत बिस्व सरमा को जेल भेजा जाएगा।

गोगोई ने आरोप लगाया कि एक ओर जनता को 1250 रुपये दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री द्वारा हजारों बीघा जमीन खरीदी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 100 दिनों के भीतर गायक जुबीन गर्ग को न्याय दिलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि श्याम कानू महंत और हिमंत बिस्व सरमा के बीच संबंधों का खुलासा किया जाएगा। अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहते हुए केवल जनता की सेवा की और कभी विदेशों में संपत्ति नहीं बनाई।

गोगोई ने यह भी आरोप लगाया कि पिछड़े इलाकों में स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर ऐसी दुकानों को बंद कर स्कूल खोले जाएंगे तथा छात्रों के लिए बस की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गौ और कोयला सिंडिकेट से प्राप्त धन दिसपुर के विशेष स्थानों तक पहुंच रहा है, जिसकी कांग्रेस सरकार बनने पर जांच कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश