home page

बोकाजान रैली में गौरव गोगोई का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

 | 
बोकाजान रैली में गौरव गोगोई का भाजपा सरकार पर तीखा हमला


कार्बी आंगलोंग (असम), 02 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कार्बी आंगलोंग जिला के बोकाजान में राहुल गांधी की मौजूदगी में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा तथा असम के पर्वतीय जिलों में भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के गंभीर आरोप लगाए।

सभा को संबोधित करते हुए गोगोई ने आरोप लगाया कि पहाड़ी जिलों में कई करोड़ रुपये के घोटाले हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार कथित रूप से गाय और कोयला सिंडिकेट से जुड़े लोगों को संरक्षण दे रही है, जिससे राज्य की व्यवस्था और विकास प्रभावित हुआ है।

गौरव गोगोई ने कहा कि “नया असम” और “बड़ा असम” बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस और विपक्षी दल एकजुट हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार रतन इंग्ती के समर्थन में प्रचार किया।

इस दौरान उन्होंने तुलीराम रोंगहांग की भी आलोचना की और “नए कार्बी आंगलोंग” के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो शांति, विकास और प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के आदर्शों से प्रेरित हैं।

गोगोई ने अपने भाषण में यह भी कहा कि वे गरीब और वंचित वर्गों के साथ खड़े रहेंगे और उनके उत्थान के लिए काम करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश