बाघजान में पाइपलाइन से गैस रिसाव को लेकर दहशत
| Aug 24, 2026, 15:52 IST
तिनसुकिया (असम), 24 अगस्त (हि.स.)। असम के तिनसुकिया जिले के बाघजान में पाइपलाइन से लगातार गैस रिसाव होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। किसी भी समय बड़ी घटना होने की आशंका के चलते स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
बाघजान स्थित रूपकुंवर राष्ट्रीय विद्यालय के सामने पाइपलाइन से गैस का लगातार रिसाव हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात के समय तेल चोरी करने के प्रयास में कुछ शरारती तत्वों द्वारा पाइपलाइन काटे जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपात सेवा कर्मी और बाघजान पुलिस मौके पर पहुंच गए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

