home page

श्रीरामपुर चेक पोस्ट पर 2,050 किलो गांजा जब्त, ट्रक चालक व सह चालक गिरफ्तार

 | 

कोकराझार (असम), 24 अगस्त (हि.स.)। गोसाईगांव महकमा के असम-बंगाल सीमावर्ती श्रीरामपुर चेक पोस्ट पर शिमुलटापु पुलिस ने बीती रात अभियान चलाकर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को जब्त कर चालक और सह-चालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि एक ट्रक (यूपी-54बीटी-7674) में बांस के नीचे बेहद शातिराना तरीके से गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान बांस के नीचे से 203 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन करीब 2,050 किलोग्राम बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामलक्षण राजभर और मनोज चौहान के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के भीरा के रहने वाले बताए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजा तेजपुर से बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने ट्रक और गांजा जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए भी पुलिस द्वारा पूछताछ और जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा