कोकराझार में 4.6 किलोग्राम गांजा जब्त, तीन व्यक्ति हिरासत में
कोकराझार (असम), ০1 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार जिले के बालाजान तीनाली इलाके में पुलिस ने एक अभियान के दौरान 4 किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया। बताया गया है कि गांजा बालाजान तीनाली निवासी सुमित्रा नाथ के घर के परिसर से बरामद किया गया। इस संबंध में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, इलाके में नशीले पदार्थों की कथित अवैध बिक्री और सेवन से नाराज स्थानीय महिलाओं ने 30 सितंबर की रात सुमित्रा नाथ के आवास पर पहुंचकर विरोध जताया। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौके पर एकत्रित हुईं और घर को घेर लिया। महिलाओं ने कथित तौर पर गांजा बेचने और खरीदने वाले कुछ लोगों को पकड़कर इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर के परिसर में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कुल 4 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया। बताया गया है कि गांजे का एक बड़ा हिस्सा जमीन के नीचे दबाकर रखा गया था।
घटना के संबंध में पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गांजा कहां से लाया गया तथा इसके अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

