फकीराग्राम में श्रद्धा और उत्साह के साथ गांधी जयंती मनाई गई
कोकराझार (असम), 2 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार जिले के फकीराग्राम नगरपालिका के तत्वावधान में शुक्रवार को महात्मा गांधी की 157वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। गांधी जयंती के अवसर पर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष पौधारोपण अभियान भी चलाया गया।
दिनभर चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत फकीराग्राम नगरपालिका कार्यालय परिसर में महात्मा गांधी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। नगरपालिका के अध्यक्ष सुल्तान आलम ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्शों को अपनाते हुए स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके बाद नगरपालिका के उपाध्यक्ष प्रणव शर्मा, सभी वार्ड पार्षदों तथा नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांधी जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। पौधारोपण अभियान में नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

