नगांव-कार्बी आंगलोंग सीमा पर मनाया गया ‘गज उत्सव’, हाथियों के लिए 200 बीघा जमीन पर धान की खेती
गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। असम में नगांव-कार्बी आंगलोंग सीमा पर स्थित हाथीखली-रोंगहांग गांव में ‘गज उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मानव और हाथियों के बीच सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया है।
इस पहल के तहत हस्तीदंडी में करीब 200 बीघा जमीन पर विशेष रूप से हाथियों के लिए धान की खेती की गई है। किसानों की फसलों को हाथियों से बचाने और मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से ‘हातिबंधु’ संगठन ने यह अनूठी पहल की है।
संगठन का उद्देश्य हाथियों के लिए उनके प्राकृतिक आवास के आसपास पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि वे भोजन की तलाश में किसानों के खेतों में प्रवेश न करें और फसलों को नुकसान न पहुंचे।
इस पहल के लिए असम सरकार ने संगठन को प्रतिष्ठित ‘असम गौरव’ पुरस्कार से सम्मानित किया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से संगठन के प्रयासों की सराहना की थी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

