home page

पश्चिम एशिया संकट के बीच ईंधन शुल्क में कटौती से राहत, मेघालय के सीएम ने किया स्वागत

 | 
पश्चिम एशिया संकट के बीच ईंधन शुल्क में कटौती से राहत, मेघालय के सीएम ने किया स्वागत


शिलांग, 27 मार्च (हि.स.)। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती के फैसले का स्वागत करते हुए इसे आम लोगों और कारोबारियों के लिए बड़ी राहत बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घरेलू खपत के लिए प्रति लीटर 10 रुपये की कमी का निर्णय देशभर के नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान करेगा। यह प्रतिक्रिया उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा किए गए आधिकारिक ऐलान के संदर्भ में दी।

संगमा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में यह कदम समयानुकूल और जनहित में है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

वित्त मंत्री सीतारमण ने स्पष्ट किया कि यह कटौती केवल घरेलू उपयोग के लिए पेट्रोल और डीजल पर लागू होगी, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को कीमतों में संभावित वृद्धि से बचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार आवश्यक वस्तुओं की लागत में उतार-चढ़ाव से नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके साथ ही, सरकार ने घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कुछ ईंधनों पर निर्यात शुल्क भी लगाया है। डीजल पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) पर 29.5 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क लागू किया गया है। इन प्रावधानों की सूचना संसद को दे दी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से महंगाई पर दबाव कम हो सकता है और राज्य करों के आधार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कमी देखने को मिल सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश