तीन सीटों से 303 तक को दिलीप सैकिया ने कहा भाजपा का ऐतिहासिक सफर
गुवाहाटी, 05 अप्रैल, (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सैकिया ने रविवार को गुवाहाटी स्थित पार्टी मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सैकिया ने कहा कि 6 अप्रैल, 1980 को स्थापित भारतीय जनता पार्टी इस वर्ष अपने 46 वर्ष पूरे कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी की वैचारिक जड़ें भारतीय जनसंघ से जुड़ी हैं, जिसने 1952 के आम चुनाव में मात्र तीन सीटों से शुरुआत की थी और 2019 के लोकसभा चुनाव में 303 सीटें जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज सहित पार्टी के संस्थापक नेताओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभर के कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि देशभर में 7 लाख से अधिक बूथों पर और असम में 30 हजार से अधिक बूथों पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जहां लगभग 65 लाख कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे।
“राष्ट्र प्रथम” की नीति को दोहराते हुए सैकिया ने भाजपा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम को पड़ोसी देशों से प्रताड़ित हिंदुओं को शरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले महिला आरक्षण विधेयक को पार्टी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की पूर्ति बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने समावेशी विकास के तहत जनजातीय कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग आयोग और सहकारिता मंत्रालय की स्थापना जैसे कदम उठाए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
असम के मौजूदा चुनावी परिदृश्य पर बोलते हुए सैकिया ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व और उनके व्यापक चुनावी अभियान की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रैलियों में सक्रिय भागीदारी को कार्यकर्ताओं और जनता के उत्साह में वृद्धि का प्रमुख कारण बताया।
उन्होंने कहा कि चुनावी सभाओं में उमड़ रही भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सैकिया ने कांग्रेस पर भ्रामक प्रचार और निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा द्वारा मुख्यमंत्री के परिवार पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जो उसके राजनीतिक और बौद्धिक पतन को दर्शाता है।
सैकिया ने विश्वास जताया कि असम की जनता इन तथ्यों को समझ चुकी है और विकास के एजेंडे के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मतदाता कांग्रेस के “झूठ और नकारात्मक राजनीति” को सिरे से खारिज कर भाजपा को पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लाएंगे।
इस संवाददाता सम्मेलन में भाजपा राज्य चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं सांसद प्रदान बरुवा तथा राज्य मीडिया विभाग के संयोजक रूपम गोस्वामी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

