भावना शर्मा लापता मामले में नए खुलासे
गुवाहाटी, 26 अप्रैल (हि.स.)। भावना शर्मा के लापता मामले में नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालुकबाड़ी पुलिस की एक टीम ने भावना शर्मा के कथित प्रेमी निहारज्योति शर्मा के घर पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई मामले की जांच के तहत की गई।
इसी के साथ पुलिस की एक अन्य टीम ने हाथीगांव स्थित एक आवास पर भी छापेमारी की, जिससे मामले की जांच का दायरा और विस्तृत किया गया है।
इस बीच, निहारज्योति शर्मा के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस इन आरोपों की भी गंभीरता से जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की सुबह शिक्षक भावना शर्मा अपनी मां को 'आई एम इन डेंजर' मैसेज देने के बाद उस समय लापता हो गई थी, जब वह अपने स्कूल जा रही थी। बाद में शनिवार की सुबह उसे शिलांग में पोलो ग्राउंड के समीप एक होटल के बाहर रोते हुए अवस्था में पाया गया। गुवाहाटी पुलिस शनिवार की शाम भावना शर्मा को शिलांग से लेकर गुवाहाटी पहुंची। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

