home page

जुबीन गर्ग मौत मामले में श्यामकानु महंत ने दाखिल की जमानत याचिका, 22 अप्रैल को सुनवाई

 | 
जुबीन गर्ग मौत मामले में श्यामकानु महंत ने दाखिल की जमानत याचिका, 22 अप्रैल को सुनवाई


गुवाहाटी, 11 अप्रैल (हि.स.)। असम के सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग की मृत्यु से जुड़े मामले में मुख्य आरोपित श्यामकानु महंत ने एक बार फिर जमानत के लिए अदालत का रुख किया है।

यह नई जमानत याचिका आज विशेष सत्र फास्ट ट्रैक अदालत में दायर की गई। बचाव पक्ष ने 13 अप्रैल को शीघ्र सुनवाई की मांग की थी, लेकिन अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 22 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है। विशेष लोक अभियोजक जियाउर कुमार ने बताया कि अभियोजन पक्ष जमानत याचिका का विरोध करेगा।

उन्होंने कहा कि बचाव पक्ष की ओर से जल्द सुनवाई की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने 22 अप्रैल की तारीख तय की। उल्लेखनीय है कि महंत इससे पहले भी जमानत के लिए आवेदन कर चुके थे, जिसे बाद में वापस ले लिया गया था।

यह नया आवेदन ऐसे समय में दायर किया गया है जब मामले की सुनवाई तेज गति से दिन-प्रतिदिन के आधार पर चल रही है। इससे पहले 1 अप्रैल को असम के महाधिवक्ता देबजीत सैकिया ने कहा था कि जांच और सुनवाई सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है तथा मामला एक महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुका है, जिसमें डिस्चार्ज याचिकाओं पर बहस शामिल है।

मामले की संवेदनशीलता और जनमहत्व को देखते हुए अदालत ने इसे फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत लिया है। मृतक के परिजनों ने समयबद्ध न्याय की उम्मीद जताई है, वहीं राज्य सरकार ने निष्पक्ष और शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश