भारत छोड़ो आंदोलन स्मृति दिवस 9 अगस्त को मनाएगा राज्यिक स्वतंत्रता सेनानी सम्मेलन
गुवाहाटी, 05 अगस्त (हि.स.)। असम राज्यिक स्वतंत्रता सेनानी सम्मेलन ने आगामी 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की है। सम्मेलन ने गुवाहाटी प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम और असम के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराया जाएगा।
सम्मेलन ने ऊपरी असम के चार जिलों में आई भीषण बाढ़ पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा लापता लोगों और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सरकारी, गैर-सरकारी संगठनों और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
सम्मेलन ने बताया कि राज्य के 27 जिलों से प्राप्त सहयोग के आधार पर गठित बाढ़ सहायता कोष से 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किए गए हैं। इसके अलावा राहत सामग्री के वितरण के लिए सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हुआ है।
आज असम के प्रथम मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै की 76वीं पुण्यतिथि पर सम्मेलन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को स्मरण किया।
सम्मेलन ने राज्य सरकार से मांग की कि अगले वर्ष से भारत छोड़ो आंदोलन स्मृति दिवस का आयोजन सरकारी संरक्षण में किया जाए। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के पात्र उत्तराधिकारियों को कुटुंब पेंशन देने की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने तथा 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में इसकी घोषणा करने का आग्रह किया।
इसके अलावा जिन जिलों में जिला स्वतंत्रता सेनानी भवन के लिए सरकारी भूमि आवंटित हो चुकी है, वहां भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपये आवंटित करने तथा लोक निर्माण विभाग के माध्यम से एक समान डिजाइन में भवनों का निर्माण कराने की भी मांग की गई।-----
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

