अंबुबासी मेला: विहिप ने लगाया मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, हजारों श्रद्धालु उठा रहे लाभ
गुवाहाटी, 24 जून (हि.स.)। कामाख्या धाम में आयोजित वार्षिक अंबुबासी मेले के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए विभिन्न प्रमुख स्थलों पर मुफ्त चिकित्सा व स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया है। विहिप द्वारा ये शिविर कामाख्या मंदिर, मालीपाड़ा कामाख्या मंदिर, कालीपुर राजपथ, मां कामाख्या मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार और पांडु ग्राम्य देवता मंदिर परिसर में लगाए गए हैं।
इस कड़ी में, विश्व हिंदू परिषद के मालीगांव प्रखंड के तत्वावधान में पांडु बड़ा बाजार स्थित ग्राम्य देवता मंदिर प्रांगण में त्रि-दिवसीय मुफ्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर 23 जून से शुरू हुआ है और 25 जून तक जारी रहेगा।
शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मालीगांव प्रखंड विहिप के अध्यक्ष अमल चंद्र दे और सचिव उत्पल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष स्वागत समिति का गठन किया गया है। इस समिति के अध्यक्ष के रूप में मृण्मय घोष और सचिव के रूप में पुलक सेनगुप्ता व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं।
यह स्वास्थ्य शिविर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मरीजों की सेवा में तत्पर रहता है। शिविर में सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के अनुभवी डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्सें अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस शिविर के पहले दिन से लेकर आज मिले अंतिम सूचना तक लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालु स्वास्थ्य जांच करा चुके हैं। मरीजों को डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कोविड महामारी के दौर को छोड़कर, मालीगांव प्रखंड विश्व हिंदू परिषद पिछले कई वर्षों से अंबुबासी मेले के दौरान नियमित रूप से इस तरह के सेवा शिविरों का आयोजन करता आ रहा है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सेवा को समर्पित विहिप के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय निवासियों और देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

