सेवा संकल्प अभियानः कामरूप (मेट्रो) जिले में पांचवें स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन
गुवाहाटी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत शनिवार को कामरूप (मेट्रो) जिले में पांचवें स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। रानी विकास खंड कार्यालय परिसर में आयोजित इस स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर में असम के मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) हेमंत चौधरी ने उपस्थित रहकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, मेडिसिन, अस्थि रोग, चर्म रोग, कान-नाक-गला , दंत चिकित्सा और आयुष जैसी विभिन्न विशेष सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही, गैर-संचारी रोगों , तपेदिक (टीबी), एचआईवी आदि की जाँच, योग प्रदर्शन, मानसिक स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और रोग प्रतिरोधक क्षमता के बारे में जागरूकता एवं परामर्श प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, आयुष्मान भारत के अंतर्गत एबी -पीएमजेएवाई कार्ड का पंजीकरण और ई-केवाईसी , जन्म-मृत्यु पंजीकरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और प्रयोगशाला सेवाओं के साथ-साथ मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं तथा आवश्यक लाभार्थियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजने की व्यवस्था भी की गई।
आज आयोजित इस शिविर में कुल 513 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

