सेवा संकल्प अभियान के तहत कामरूप (मेट्रो) ज़िले में स्वास्थ्य और कल्याण शिविर आयोजित
गुवाहाटी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। लोगों में सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से, 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत मंगलवार को कामरूप (मेट्रो) ज़िले के दो स्थानों पर स्वास्थ्य और कल्याण शिविरों का आयोजन किया गया।
डिमोरिया विकास खंड के अंतर्गत सोनापुर के ट्राईसेम हॉल में आयोजित स्वास्थ्य और कल्याण शिविर का उद्घाटन डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. तपन दास ने किया। कामरूप (मेट्रो) के ज़िला आयुक्त स्वप्नील पॉल ने शिविर का दौरा किया और वहां प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने लाभार्थियों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से बातचीत भी की।
दूसरी ओर, गुवाहाटी के वार्ड नंबर 48 के अंतर्गत नगर और ग्राम परिकल्पना संचालकालय के परिसर में एक शहरी स्वास्थ्य और कल्याण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) के आयुक्त चिन्मय प्रकाश फूकन, जीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त प्रणब दत्ता गोस्वामी, जीएमसी प्रशासन के निदेशक सुशांत कुमार दत्ता और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के राज्य मिशन निदेशक सब्यसाची कश्यप उपस्थित रहे और उन्होंने शिविर में प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं का निरीक्षण किया।
दोनों शिविरों में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविरों में गैर-संचारी रोगों , टीबी और एचआईवी आदि की जांच के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, पोषण, स्वस्थ जीवन शैली और बीमारी की रोकथाम पर परामर्श एवं जागरूकता प्रदान की गई। स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने के लिए योग प्रदर्शन भी किए गए।
इसके अतिरिक्त, आयुष्मान भारत के तहत एबी-पीएमजेएवाई कार्ड पंजीकरण और ई-केवाईसी, जन्म और मृत्यु पंजीकरण, विशिष्ट विकलांगता आईडी (यूडीआईडी) सेवाएँ, प्रयोगशाला जांच और मुफ्त दवा वितरण जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं। जिन लाभार्थियों को आगे की देखभाल की आवश्यकता थी, उन्हें उन्नत उपचार के लिए उपयुक्त उच्च स्वास्थ्य सुविधाओं में भी भेजा गया।
ट्रायसेम हॉल में आयोजित शिविर में कुल 510 लाभार्थियों ने सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि वार्ड नंबर 48 के शहरी स्वास्थ्य शिविर में 257 लाभार्थियों ने लाभ प्राप्त किया। इस प्रकार, दोनों शिविरों में कुल 767 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य और संबद्ध सेवाओं का लाभ उठाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

