पांडु में निःशुल्क मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) जांच शिविर संपन्न
गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के पांडु 5 नंबर कॉलोनी स्थित भारत सेवाश्रम संघ के प्रांगण में 'भारत विकास परिषद– पश्चिम गुवाहाटी शाखा' की पहल पर आज निःशुल्क मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) जांच शिविर का आयोजन किया गया। रविवार को श्री शंकरदेव नेत्रालय के अनुभवी डॉक्टर मिरिना अहमद, डॉक्टर मुस्कान राय, डॉक्टर सेमिन सुल्ताना और डॉक्टर रीतिष्मान बर्मन के संचालन में यह नेत्र जांच शिविर संपन्न हुआ।
इस शिविर में 40 वर्ष से अधिक आयु के आर्थिक रूप से सक्षम और गरीबी सीमा (गरीबी रेखा) के अंतर्गत आने वाले सभी व्यक्तियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसके तहत लगभग 163 रोगियों के आँखों की जांच की गई। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों की सलाह के अनुसार लगभग 90 रोगियों की आंखों में ऑपरेशन के लिए पहचान की गई।
चिन्हित किए गए रोगियों के लिए आगामी 7 दिसंबर को श्री शंकरदेव नेत्रालय में पूरी तरह निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था भी की जाएगी और रोगियों को श्री शंकरदेव नेत्रालय ले जाने तथा वापस लाने की पूरी व्यवस्था कमेटी की ओर से की जाएगी, ताकि रोगियों को किसी भी प्रकार की आर्थिक या आवागमन संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े।
इस शिविर में आंखों की जांच सुबह 9:30 बजे से शुरू हुई। अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों द्वारा आंखों की जांच की गई और दोपहर 2:00 बजे शिविर समाप्त हुआ।
इस पहल के माध्यम से पांडु और आसपास के क्षेत्रों के कई लोग लाभान्वित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

