पांडु एफआरयू में मुफ्त डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन
गुवाहाटी, 23 सितंबर (हि.स.)। कामरूप महानगर जिला के पांडु फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) में प्रधानमंत्री नेशनल डायलिसिस प्रोग्राम के तहत नवनिर्मित मुफ्त डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन बुधवार किया गया। बुधवार को इस केंद्र का औपचारिक उद्घाटन गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र की सांसद बिजुली कलिता मेधी ने किया।
इस नए डायलिसिस केंद्र में कुल तीन डायलिसिस मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे किडनी संबंधी समस्याओं से पीड़ित और नियमित डायलिसिस की आवश्यकता वाले मरीजों को मुफ्त आवश्यक डायलिसिस सेवाएं मिल सकेंगी। विशेष रूप से पांडु और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए यह सेवा एक बड़ी राहत साबित होगी। अब तक जिन मरीजों को डायलिसिस के लिए दूर के स्वास्थ्य केंद्रों तक जाना पड़ता था, उन्हें अब अपने ही पांडु इलाके के पास मुफ्त चिकित्सा सेवा मिलने की सुविधा मिल गई है।
उद्घाटन समारोह में असम के मुख्यमंत्री के ओएसडी हेमंत चौधरी, कामरूप महानगर जिले के डीडीसी मंजीत बरकाकती, एनएचएम असम के ओएसडी पल्लवज्योति नाथ, पांडु एफआरयू अस्पताल प्रबंधन समिति के चेयरमैन संजय दास, कामरूप महानगर के जॉइंट डीएचएस (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. संजीव कुमार सैकिया और पांडु एफआरयू के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. कुमुद डेका उपस्थित रहे।
इसके अलावा, कार्यक्रम में स्थानीय वार्ड पार्षद, डीपीएमयू, और वेस्ट ज़ोन बीपीएमयू के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता और क्षेत्र के आम लोग भी शामिल हुए।
विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित मुख्यमंत्री के ओएसडी हेमंत चौधरी ने पांडु एफआरयू की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सबके सामने रखा। उन्होंने भविष्य में इन शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधित अधिकारियों से आह्वान किया।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पांडु एफआरयू प्राधिकरण को इस स्वास्थ्य सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने चाहिए, विशेषकर उन मरीजों के लिए जिन्हें नियमित डायलिसिस की आवश्यकता होती है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि स्थानीय क्षेत्र के मरीजों के लिए यह मुफ्त सेवा पास में ही शुरू होने से उनके इलाज के दौरान लगने वाले समय, यात्रा और आर्थिक बोझ में काफी कमी आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

