home page

केवीके में पशु स्वास्थ्य एवं सामग्री वितरण शिविर आयोजित

 | 
केवीके में पशु स्वास्थ्य एवं सामग्री वितरण शिविर आयोजित


कोकराझार (असम), 03 अगस्त (हि.स.)। गोसाईगांव महकमा के तेलीपारा स्थित कोकराझार कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में गुरुवार को पशु स्वास्थ्य एवं सामग्री वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अधीन राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के पूर्वांचल अनुसंधान केंद्र, कल्याणी (पश्चिम बंगाल) और कोकराझार कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का संचालन केवीके के पशुपालन विषय विशेषज्ञ डॉ. मुजाहारुल इस्लाम ने किया, जबकि केवीके की मुख्य वैज्ञानिक पूर्णा शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन के माध्यम से किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करना तथा एकीकृत पशुपालन के जरिए जनजातीय समुदाय की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाना था।

कार्यक्रम में आईसीएआर के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. ए. चटर्जी, डॉ. डी.के. मंडल और डॉ. सी. भक्त, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आसिफ मोहम्मद, मंडलीय कृषि अनुसंधान केंद्र की कनिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सयनिका दास सहित पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी डॉ. पंकज चक्रवर्ती और डॉ. टी. बसुमतारी, सहायक आयुक्त नम्रता बरुवा, एसएसबी के उप-कमांडेंट जीत सिंह तथा केवीके के वैज्ञानिक गौतम भागवती, शांतनु कौशिक बोरा और अधिकारी दीपांक सैकिया सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर करीब 280 किसानों को उन्नत नस्ल के मुर्गी एवं बत्तख के चूजे, गाय एवं सूअर के लिए पशु आहार, आवश्यक दवाइयां तथा अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को आवश्यक सामग्री एवं तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा