गुवाहाटी में सनसनी, एक ही विद्यालय की चार छात्राएं लापता
गुवाहाटी, 02 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के बशिष्ठ क्षेत्र में एक ही विद्यालय की चार छात्राओं के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटना से सनसनी फैल गई है। छात्राओं के परिजन और स्थानीय लोग गहरी चिंता में हैं।
लापता छात्राओं की पहचान दैमारी, बरुवा, सिंह और राय उपाधिधारी के रूप में हुई है। चारों छात्राएं बेलतला माझीपारा मिडिल इंग्लिश स्कूल की छात्राएं हैं तथा बशिष्ठ के बेहारबाड़ी क्षेत्र की निवासी हैं।
परिजनों के अनुसार, छात्राएं सोमवार सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बावजूद छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिला है।
घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है और छात्राओं की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है तथा छात्राओं के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

