home page

कोकराझार रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत चार नाबालिगों का रेस्क्यू

 | 
कोकराझार रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत चार नाबालिगों का रेस्क्यू


कोकराझार (असम), 28 फरवरी (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अलीपुरद्वार मंडल अंतर्गत कोकराझार रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत चार नाबालिग लड़कों को संदिग्ध परिस्थिति में घूमते हुए बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को आरपीएफ पोस्ट कोकराझार के हेड कांस्टेबल प्रमोद डेका, कांस्टेबल जीतू दास एवं कांस्टेबल सीआर ब्रह्म ने आज दोपहर के समय स्टेशन परिसर में नियमित जांच अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर चार नाबालिग लड़के संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए गए।

संदेह के आधार पर जब टीम ने उन्हें रोका और पूछताछ की, तो वे न तो कोई वैध रेलवे यात्रा टिकट प्रस्तुत कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे सके। सौहार्दपूर्ण पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे बिना अपने अभिभावकों को सूचना दिए घर से निकल आए हैं तथा दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेन से हैदराबाद जाकर निजी नौकरी की तलाश करना चाहते थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टीम ने चारों नाबालिगों को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट लाकर उन्हें भोजन और पानी उपलब्ध कराया। उनके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों के माध्यम से अभिभावकों से संपर्क किया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि चारों बच्चे 28 फरवरी की सुबह से अपने-अपने घरों से लापता थे। इसके बाद अभिभावकों को कोकराझार स्टेशन पर उपस्थित होने के लिए सूचित किया गया।

रेस्क्यू किए गए नाबालिगों की उम्र 16, 16, 15 और 12 वर्ष बतायी गयी है। सभी बच्चे असम के धुबड़ी जिले के बिलासीपारा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत चारों नाबालिगों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की देखरेख में जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), कोकराझार, असम को अग्रिम कार्रवाई हेतु विधिवत सौंप दिया गया।

आरपीएफ की तत्परता से एक संभावित मानव तस्करी अथवा अन्य अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया। रेलवे प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा