चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद; यातायात नियम उल्लंघन पर 257 चालान
इम्फाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। एक आरोपित के कब्जे से एसएलआर राइफल, जिंदा कारतूस और एक बोलेरो वाहन भी बरामद किया गया।
12 जुलाई को सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के यैरिपोक थाना क्षेत्र के अंगोम फुटबॉल टर्फ के निकट यैरिपोक पेची रोड से मकुई नागा गांव निवासी चागीसोंगतानबौ नखामनामाई (46) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक एसएलआर राइफल, मैगजीन, 7.62 मिमी के 10 जिंदा कारतूस तथा एक बोलेरो वाहन बरामद किया गया।
11 जुलाई को अलग-अलग अभियानों में केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) के सक्रिय उग्रवादी एवं कथित रंगदारी वसूलने वाले मोहम्मद मोतिम उर्फ लंथोइबा उर्फ नानाओ (31) को इम्फाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इसी संगठन के एक अन्य सक्रिय सदस्य थोंगाम प्रीथिंगाम्बा मैतेई (26) को भी वांगखेई अयांगपल्ली रोड से गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, यूपीपीके के सक्रिय सदस्य सलाम बिजांदा सिंह उर्फ दीपक उर्फ मेजर (37) को इम्फाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र में कार्किनोस अस्पताल के निकट से गिरफ्तार किया गया।
इस बीच, मणिपुर पुलिस ने मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए 6 से 12 जुलाई के बीच 257 चालान जारी किए, जिनसे कुल 2.76 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी अवधि में 90 वाहनों से काली फिल्म हटाई गई तथा एक वाहन जब्त किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

