home page

गुवाहाटी के जालुकबाड़ी में भयावह आग, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

 | 
गुवाहाटी के जालुकबाड़ी में भयावह आग, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत


गुवाहाटी, 05 जून, (हि.स.)। गुवाहाटी के जालुकबाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के लगी भयावह आग में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। आग की चपेट में आने से चारों की जिंदा जलकर मृत्यु हो गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने तक का अवसर नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

आग में दो आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नुकसान का आकलन करने और घटना की विस्तृत जांच के लिए संबंधित विभागों की टीम मौके पर मौजूद है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश