home page

मणिपुर में तीन प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के चार कैडर गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में तीन प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के चार कैडर गिरफ्तार


इंफाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने राज्य में चलाए गए समन्वित अभियान के दौरान तीन प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के चार सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई काकचिंग, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में की गई।

पुलिस ने काकचिंग जिले के सुगनू थाना क्षेत्र के नुंगू लामखाई से प्रतिबंधित संगठन सोरेपा के दो सक्रिय कैडरों मार्कस थियाम उर्फ टॉमपोक (22) और हेकरुजाम विलियम मैतेई (22) को गिरफ्तार किया। दोनों खोंगयाम माखा लैकाई के निवासी हैं।

एक अन्य अभियान में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय सदस्य येंद्रेमबाम अथौबा मैतेई उर्फ अटोम्बा उर्फ ताखेलंगबा (21) को पोरोमपट थाना क्षेत्र के न्यू लाम्बुलाने स्थित एक परित्यक्त मकान से गिरफ्तार किया। वह तेंगनौपाल जिले के मोरेह प्रेमनगर वार्ड संख्या-4 का निवासी है।

इसी क्रम में पुलिस ने इरिलबुंग थाना क्षेत्र के लांगदुम लामखाई से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय सदस्य एवं कथित वसूलीकर्ता येंसेनबाम चंद्रसेन मैतेई उर्फ पासे (52) को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और जबरन वसूली के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों का हिस्सा हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश