home page

शिवसागर में जल निकासी अभियान तेज, चार हाई-कैपेसिटी मशीनों से निकाला जा रहा बाढ़ का पानी

 | 
शिवसागर में जल निकासी अभियान तेज, चार हाई-कैपेसिटी मशीनों से निकाला जा रहा बाढ़ का पानी


शिवसागर (असम), 06 अगस्त (हि.स.)। शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित पाणबेचा, कोंवरपुर, बेतबाड़ी तथा शिवसागर शहर के विभिन्न इलाकों से जमा पानी की तेज़ी से निकासी के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जल संसाधन विभाग और ओएनजीसी की कुल चार हाई-कैपेसिटी मशीनों की मदद से दिन-रात जल निकासी का कार्य जारी है।

राज्य के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा शिवसागर जिले के अभिभावक मंत्री बिमल बोरा पिछले चार दिनों से शांतिपुर गांव पंचायत स्थित मोरिदिखोवा स्लुइस गेट पर चल रहे जल निकासी कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं। बुधवार रात भी उन्होंने देर रात लगभग दो बजे तक मौके पर रहकर कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान जल संसाधन मंत्री सुशांत बरगोहाईं, विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

बुधवार शाम मंत्री बिमल बोरा ने मौके का निरीक्षण किया और अतिरिक्त पंपिंग मशीन लगाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ श्रमदान भी किया। पहले तीन मशीनों से प्रति मिनट लगभग 65 हजार लीटर पानी निकाला जा रहा था। अब चौथी मशीन लगने के बाद जल निकासी क्षमता बढ़कर लगभग एक लाख लीटर प्रति मिनट हो गई है। प्रशासन का कहना है कि इससे बाढ़ का पानी तेजी से निकलेगा और जिले की स्थिति में जल्द सुधार होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश