लुकू मियां हत्याकांड में चार मुख्य आरोपित गिरफ्तार, हथियार बरामद
कछार (असम), 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के जिरिघाट थाना क्षेत्र में हुए लुकू मियां हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को मामले की जांच में अहम प्रगति माना जा रहा है।
कछार पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार को दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में दो फैक्ट्री निर्मित 12 बोर की राइफल, एक .22 पिस्तौल, 12 बोर की चार गोलियां, .22 की चार गोलियां तथा तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहारुल हक लस्कर (27) पुत्र नुरुल हक लस्कर, साजुल इस्लाम लस्कर (26) पुत्र ऐनुद्दीन लस्कर, बाबुल हक चौधरी (34) पुत्र स्वर्गीय अहमद बस्क चौधरी—सभी निवासी जिरिघाट थाना क्षेत्र, कछार—और सुजान अख्तर लस्कर (18) पुत्र ऐनुल हक लस्कर, निवासी सोनाबारीघाट दक्षिण कृष्णापुर, रंगिरखारी थाना क्षेत्र, कछार के रूप में हुई है।
ज्ञात हो कि कछार ज़िले में ज़मीन का एक पुराना विवाद सोमवार को जानलेवा बन गया। जिरीघाट पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले कदमतल्ला गांव में कथित तौर पर 60 वर्षीय लुकू मियां को गोली मार दी गई और बाद में पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार को कुछ हथियारबंद लोग उसके घर आए थे। हमलावरों ने उसे घर से बाहर बुलाया और फिर लाठियों से हमला करने से पहले उसे गोली मार दी। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस को शक है कि यह हत्या इलाके में ज़मीन के एक लंबे समय से चले आ रहे विवाद का नतीजा है, जिसके चलते कुछ समय से वहां तनाव बना हुआ था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस हत्याकांड के पीछे के कारणों तथा अन्य संभावित कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

