home page

कांग्रेस में अंतर्कलह : हैलाकांदी जिला के चार नेता निलंबित

 | 
कांग्रेस में अंतर्कलह : हैलाकांदी जिला के चार नेता निलंबित


हैलाकांदी (असम), 02 जून (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस में जारी अंदरूनी कलह एक बार फिर सामने आई है। हैलाकांदी जिला कांग्रेस के चार नेताओं को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने 2 जून को Ref No. APCC/2026/ORDER/403 के तहत जारी आदेश में निलंबन की जानकारी सार्वजनिक की।

एपीसीसी के महासचिव रामन्ना बरुवा द्वारा हस्ताक्षरित आदेश के अनुसार, 30 मई को हैलाकांदी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान हुई घटनाओं के चलते जिला कांग्रेस के चार महासचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर निलंबित किए गए नेताओं में जाहान उद्दीन बरभुइयां, सरीम सादियुल, मितुज्जमान लस्कर तथा नजमुल हुसैन बरभुइयां शामिल हैं।

आदेश में कहा गया है कि 30 मई को आयोजित जिला कांग्रेस की समीक्षा बैठक के दौरान इन नेताओं ने कथित रूप से पार्टी के भीतर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न की थी। आरोप है कि बैठक में उन्होंने विधायक अमीनुल हक लस्कर के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें वहां से जाने के लिए मजबूर किया। घटना के बाद पार्टी नेतृत्व ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन का निर्णय लिया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश