बजाली में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार
बजाली (असम), 07 जून (हि.स.)। बजाली जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत सरूपेटा पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज बताया कि ये लोग विभिन्न राज्यों के लोगों से साइबर ठगी के जरिए जुटाई गई रकम को कस्टमर सर्विस प्वाइंट (सीएसपी) के माध्यम से निकालने के आरोप में शामिल थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि इन लेन-देन के कारण कई सीएसपी संचालकों के बैंक खाते बंद हो गए थे। इसके बाद प्रभावित सीएसपी संचालकों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के आदित्य तिवारी और राहुल कुमार के रूप में हुई है। वहीं, अन्य दो आरोपितों में हकारटोप गांव के जितुमणि राय और पुठीमारी गांव के रंजन दास शामिल हैं।
पुलिस ने चारों आरोपितों के कब्जे से विभिन्न लोगों के बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, एटीएम कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

