मणिपुर में दो उग्रवादी और दो मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
इंफाल, 02 जून (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने सोमवार को अलग-अलग अभियानों में चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडर तथा मादक पदार्थ तस्करी के दो आरोपित शामिल हैं।
मंगलवार को राज्य पुुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले में चलाए गए अभियान के दौरान आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खुरई निंगथौबुंग लैकाई निवासी मैबाम अरुण सिंह उर्फ उरु (49) तथा पौराबी आवांग लैकाई निवासी थांगजाम सुरंकुमार सिंह उर्फ अचौबा उर्फ राजेश (30) के रूप में हुई है। अरुण सिंह को पोरोमपट थाना क्षेत्र के टॉप आवांग लैकाई स्थित सामुदायिक भवन के निकट से जबकि सुरंकुमार सिंह को टॉप माखा लैकाई से गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में दोनों के उगाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां उनके नेटवर्क और गतिविधियों की विस्तृत जांच कर रही हैं।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने कोइरेंगी स्थित सीएमसी अस्पताल के निकट दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कांगलाटोंगबी हाटिक खुवा निवासी पूर्ण बहादुर कार्के (40) और कांगलाटोंगबी शांतिपुर निवासी लविंग्सन (37) के रूप में हुई है। पूर्ण बहादुर कार्के कांगपोकपी जिले में ग्राम रक्षा बल (वीडीएफ) के सदस्य के रूप में कार्यरत था।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आरोपितों के पास से लगभग 1.425 किलोग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर (कैरी बैग सहित वजन) तथा एक होंडा एक्टिवा स्कूटी जब्त किया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

