गोसाईगांव में हथियार के साथ चार सुपारी किलर गिरफ्तार
कोकराझाड़ (असम), 17 जुलाई (हि.स.)। असम के गोसाईगांव के बल्लमगुड़ी क्षेत्र में पुलिस ने देर रात चलाए गए अभियान में चार कथित सुपारी किलरों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
कोकराझार पुलिस ने आज बताया है कि बीती रात गोसाईगांव पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपित उत्तर प्रदेश से असम में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे।
अभियान के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के निवासी धर्मवीर गौतम, विकास चौधरी, सूरज गौतम और निजामिस अली के रूप में हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इनके संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

