पर्वतझोरा में टिपकाई नदी पर पक्के पुल के निर्माण की मोहिलारी ने रखी आधारशिला
कोकराझार (असम), 15 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार जिले के पर्वतझोरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुम्मा परिषद निर्वाचन क्षेत्र के भेलाकोवा में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी पार्षद हग्रामा मोहिलारी ने टिपकाई से बेलगुरी होते हुए सापटग्राम को जोड़ने वाली सड़क तथा टिपकाई नदी पर पक्के पुल के निर्माण कार्य की आज आधारशिला रखी।
लंबे समय से टिपकाई नदी पर पक्का पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क और पुल के निर्माण की पहल की गई है। आधारशिला कार्यक्रम के दौरान मोहिलारी ने कहा कि इस सड़क और पुल का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
विकास के मुद्दे पर विपक्ष को दिया जवाब
इस दौरान बीटीसी के प्रमुख विपक्षी दल यूपीपीएल द्वारा मोहिलारी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में विकास नहीं होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विकास हुआ है या नहीं, इसका जवाब जनता पांच साल बाद देगी।
दो ईएम के बीच मतभेद पर सख्त रुख
वहीं, हाल के दिनों में बीटीसी के दो कार्यकारी सदस्यों (ईएम) मुनमुन ब्रह्म और बेगम अख्तारा अहमद के बीच सामने आए मतभेद को लेकर भी हग्रामा महिलारी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, जिसने गलत काम किया है, उसे गेट आउट होना पड़ेगा। कौन ईएम है, कौन विधायक है और कौन मंत्री है, मैं नहीं जानता। जिसने भी पार्टी विरोधी काम किया है, उसे बाहर होना पड़ेगा।
इसके अलावा, एक वर्ष के भीतर तीन बार विलेज काउंसिल डेवलपमेंट कमेटी (वीसीडीसी) के अध्यक्ष बदले जाने के मुद्दे पर भी मोहिलारी से प्रतिक्रिया सामने आई। हालांकि, इस संबंध में उनके विस्तृत बयान की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी।
टिपकाई नदी पर पक्के पुल और संपर्क सड़क के निर्माण की पहल से क्षेत्र के लोगों में आवागमन की समस्या दूर होने तथा विकास को गति मिलने की उम्मीद जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

