तामुलपुर में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के जिला मुख्यालय भवन का शिलान्यास
तामुलपुर (असम), 12 अगस्त (हि.स.)। तामुलपुर दुर्गा मंदिर के समीप बुधवार को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के जिला मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया गया। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की कार्यकारी सदस्य मुनमुन ब्रह्म ने बीटीसी के कार्यकारी सदस्य महेश्वर बसुमतारी और पूर्व विधायक इमैनुएल मुसाहारी की उपस्थिति में भवन का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुनमुन ब्रह्म ने कहा कि तामुलपुर एक बेहद संभावनाशील जिला है और यहां विकास के लिए काफी कार्य किए जाने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जिले के विकास के लिए बेहतर कार्य करने को लेकर वह आशावादी हैं।
करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित दो मंजिला भवन के निर्माण के लिए प्रारंभिक चरण में 70 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। नया कार्यालय भवन तामुलपुर जिले में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों को सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यकारी सदस्य ने शिलान्यास स्थल के परिसर में स्थित हैंडलूम को-ऑपरेटिव सोसाइटी के प्रशिक्षण भवन में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की भी वकालत की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हथकरघा एवं वस्त्र विभाग के कार्यकारी सदस्य से मौखिक रूप से एनओसी मिल चुकी है और जल्द ही लिखित एनओसी मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

