home page

डिमा हसाओ में जेके लक्ष्मी सीमेंट परियोजना की शुरुआत, 1,000 से अधिक रोजगार के अवसर: मुख्यमंत्री

 | 
डिमा हसाओ में जेके लक्ष्मी सीमेंट परियोजना की शुरुआत, 1,000 से अधिक रोजगार के अवसर: मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि डिमा हसाओ में औद्योगिक विकास के एक नए युग की शुरुआत हुई है। जिले में जेके लक्ष्मी सीमेंट की एकीकृत सीमेंट विनिर्माण परियोजना का भूमि पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में 1,800 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए एक हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक परियोजना के तहत कुल लगभग 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई है। आने वाले दिनों में परियोजना के दूसरे चरण का काम भी शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी उग्रवाद और अशांति से प्रभावित रहा डिमा हसाओ आज तेजी से पर्यटन, व्यापार-वाणिज्य और औद्योगिक निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रत्येक उद्यम को विकास का अवसर मिले और असम के लोग समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ सकें। मुख्यमंत्री ने इस विकास यात्रा में सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश